You are currently viewing सीएम योगी आज फिर मैनपुरी और आगरा में ,मैनपुरी में जनसभा कर आएंगे आगरा, एक पखवाड़े में तीसरा दौरा

सीएम योगी आज फिर मैनपुरी और आगरा में ,मैनपुरी में जनसभा कर आएंगे आगरा, एक पखवाड़े में तीसरा दौरा

आगरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम शाम 4.30 बजे फिर यहां आएंगे। एक पखवाड़े में मुख्यमंत्री तीसरी बार आगरा आ रहे हैं। इससे पहले वह 28 नवंबर को तारघर मैदान में जनसभा को संबोधित करने आए थे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला सुबह से तैयारियों में जुटा हुआ है। सीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर में पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

दरअसल 2024 के लोकसभा चुनाव में 80 सीटें जीतने का टारगेट सेट कर चुकी भाजपा के लिए मैनपुरी में लोकसभा उपचुनाव जीतना प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। मुलायम सिंह की विरासत बचाने के लिए जहां सपा ने डिंपल यादव को मैदान में उतारा है, तो वहीं मैनपुरी सीट पर हर बार मुंह की खाती रही भाजपा अब हर हाल में इसे जीतना चाहती है। इसी के चलते दोनों ही पार्टियों के दिग्गज नेता मैनपुरी में डेरा जमाए हैं। यही वजह है कि सीएम योगी एक सप्ताह में दूसरी बार आज मैनपुरी में जनसभा को संबोधित करने जाएंगे। सीएम योगी के अलावा दोनों उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य समेत प्रदेश सरकार के तमाम मंत्री, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी एक पखवाड़े से मैनपुरी में डेरा जमाये हुए हैं। हालांकि मैनपुरी सपा का अजेय दुर्ग है। इस लोकसभा सीट पर समाजवार्दी पार्टी का 26 बरस से कब्जा है। मैनपुरी में भाजपा आज तक कमल नहीं खिला सकी है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह के सामने मोदी लहर भी निष्फल साबित हो गई थी और मुलायम सिंह यादव ने तब भी शानदार जीत दर्ज की थी। इस बार ये पहला उप चुनाव है, जो मुलायम सिंह की गैरमौजूदगी में हो रहा है। ऐसे में भाजपा यहां हर कीमत पर सपाई दुर्ग को जीतने का ख्वाब देख रही है।

मैनपुरी में दोपहर तीन बजे करेंगे जनसभा को संबोधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा आने से पहले मैनपुरी जाएंगे। वे मैनपुरी शहर के क्रिश्चियन मैदान पर भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर तीन बजे हेलीकॉप्टर से क्रिश्चियन मैदान पहुंचेंगे।

4.15 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए होंगे रवाना

यहां जनसभा को संबोधित करने के बाद शाम 4.15 बजे हेलीकॉप्टर से आगरा के लिए रवाना होंगे। इससे पहले सीएम योगी 28 नवंबर को करहल में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा कर चुके हैं। तब भी मुख्यमंत्री आगरा आए थे और तारघर मैदान में जनसभा को संबोधित किया था।

मुख्यमंत्री की सभा के कारण आज मैनपुरी के स्कूल बंद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मैनपुरी दौरे को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक ने कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में 2 दिसंबर का अवकाश घोषित कर दिया है ।जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री की मैनपुरी में रैली को देखते हुए जनपद के सभी राजकीय और सहायता प्राप्त सीबीएसई आईसीएसई, यूपी बोर्ड ,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अधीन आने वाले विद्यालय दो दिसंबर को बंद रहेंगे।


रिपोर्ट : अनुराग रावत

Leave a Reply